काठमांडू, 01 जून।
नेपाल में हालिया चुनावों में बड़ी सफलता हासिल कर सरकार का नेतृत्व कर रही राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने सोमवार से पांच दिवसीय भारत यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। उनका यह आधिकारिक दौरा 1 जून से 5 जून तक निर्धारित है। इस यात्रा को नेपाल और भारत के प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच संवाद को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
रवि लामिछाने का यह दौरा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आमंत्रण पर हो रहा है। दोनों दलों की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यात्रा का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक स्तर पर औपचारिक संवाद को आगे बढ़ाना, संगठनात्मक अनुभव साझा करना और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाना है।
भारत पहुंचने के बाद 2 जून को सुबह भाजपा मुख्यालय में रवि लामिछाने और उनके प्रतिनिधिमंडल के स्वागत का कार्यक्रम रखा गया है। इसी दौरान उनकी भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विशेष बैठक भी होगी। बताया गया है कि नेपाल की सत्तारूढ़ पार्टी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के बीच यह पहली औपचारिक मुलाकात होगी।
भाजपा के विदेश विभाग की ओर से कहा गया है कि नेपाल के साथ विशेष संबंधों को देखते हुए यह यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक के दौरान दोनों दलों के बीच संगठन विस्तार, लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं, जनसंपर्क अभियानों और आपसी राजनीतिक संबंधों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और रवि लामिछाने के बीच भी मुलाकात प्रस्तावित है। नेपाल में सत्ता संभालने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली बैठक होगी। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से उनके सम्मान में पार्टी मुख्यालय में दिवाभोज का आयोजन भी किया गया है।
भाजपा के विदेश विभाग की ओर से एक रात्रिभोज कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, केंद्र सरकार के मंत्रियों, सांसदों और दिल्ली सरकार के कुछ प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
तीन जून को भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रवि लामिछाने की मुलाकात प्रस्तावित है। हालांकि बैठक का समय और स्थान अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन नेपाली प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रम में इस दिन को विशेष रूप से सुरक्षित रखा गया है ताकि प्रधानमंत्री के सुविधाजनक समय पर यह भेंट संभव हो सके।
प्रधानमंत्री मोदी के अलावा अन्य सरकारी स्तर की बैठकों का भी कार्यक्रम तय किया गया है। इन बैठकों में नेपाल-भारत संबंध, क्षेत्रीय सहयोग, लोकतांत्रिक मूल्यों और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क को और मजबूत बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
पार्टी के अनुसार नई दिल्ली में राजनीतिक और कूटनीतिक बैठकों के साथ-साथ रवि लामिछाने भारतीय भूमि पर रह रहे नेपाली समुदाय, समर्थकों और शुभचिंतकों से भी मुलाकात करेंगे। भारतीय पक्ष ने भी इस यात्रा का स्वागत करते हुए इसे रचनात्मक राजनीतिक संवाद की शुरुआत बताया है।
चार जून को नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय नेपाली मंच की ओर से नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। चुनावी सफलता के बाद दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले नेपाली नागरिकों द्वारा रवि लामिछाने के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत रवि लामिछाने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन भी करेंगे। इस दौरान नेपाली समुदाय और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से उनके सम्मान में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस प्रतिनिधिमंडल में उनकी पत्नी निकिता पौडेल, संसदीय दल के उपनेता विपिन आचार्य, सांसद दीपक बोहरा तथा निजी सचिव प्रदीप आचार्य भी शामिल रहेंगे। नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास इस उच्चस्तरीय यात्रा के समन्वय की जिम्मेदारी निभा रहा है।
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी और भाजपा दोनों ने विश्वास जताया है कि यह यात्रा दोनों देशों के राजनीतिक दलों के बीच संवाद को नई मजबूती देगी और लोकतांत्रिक तथा जनकेंद्रित सहयोग को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।











