देहरादून, 01 जून ।
उत्तराखंड के कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने राज्य में कौशल प्रशिक्षण को नई गति देने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक की। विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में आयोजित इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी भर्ती सत्र के दृष्टिगत राज्य की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है और इसके लिए लगातार नई पहल की जा रही है।
बैठक में मंत्री ने प्रदेश की आईटीआई में उपलब्ध सुविधाओं, छात्र नामांकन और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रत्येक छात्र और अभिभावक तक पहुँचाने के लिए स्कूलों व कॉलेजों के आसपास होर्डिंग लगाए जाएं और अभिभावकों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जाए।
मंत्री ने आगामी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि देहरादून के निरंजनपुर, श्रीनगर और अल्मोड़ा स्थित आईटीआई में टीवीएस कंपनी के सहयोग से तैयार 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' का उद्घाटन 16 जून को किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, टाटा टेक्नोलॉजी के अधीन 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जुलाई माह से विभिन्न 'शॉर्ट टर्म कोर्स' शुरू कर दिए जाएंगे, जिसके लिए आवश्यक मशीनरी और प्रशिक्षकों की व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर देते हुए मंत्री ने बताया कि वर्तमान में 32 आईटीआई 'ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग' (डीएसटी) मॉडल पर चल रहे हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर अब 45 की जाएगी। इससे उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार हो सकेगा। साथ ही, प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विभाग शीघ्र ही 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की तैनाती भी करने जा रहा है। बैठक में निदेशक संजय कुमार, संयुक्त निदेशक मनमोहन कुड़ियाल और उपनिदेशक शैलेन्द्र शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।











