हरिद्वार, 01 जून ।
हरिद्वार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में ‘विशेष गहन पुनरीक्षण 2026’ के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में 25-हरिद्वार और 26-रानीपुर विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), बूथ लेवल सुपरवाइजर (बीएलएस) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सम्मिलित हुए। प्रशिक्षण सत्र की अध्यक्षता ईआरओ एवं उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप दायित्वों के निर्वहन पर बल दिया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में शत-प्रतिशत शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा विवरणों में त्रुटि सुधार की प्रक्रियाओं का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रपत्रों के सही उपयोग, समयबद्ध कार्रवाई और आपसी समन्वय के महत्व पर भी गहन चर्चा की गई।
मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों को विस्तार से समझाया और प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने के लिए निर्वाचन कार्यों का निष्पक्ष, पारदर्शी और जिम्मेदारी के साथ संपादन करना प्रत्येक अधिकारी और कर्मी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस आयोजन में सहायक नोडल अधिकारी (मीडिया) गोविन्द कुर्ल, संतोष रावत एवं प्रकाश चंद देवराणी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।











