मध्य प्रदेश
01 Jun, 2026

सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज, भोपाल पुलिस ने शुरू किया विशेष प्रशिक्षण अभियान

सिंहस्थ-2028 के लिए भोपाल शहर और देहात पुलिस ने विशेष प्रशिक्षण अभियान शुरू किया है, जिसमें भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

भोपाल, 01 जून ।

उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों को लेकर भोपाल शहर और देहात पुलिस ने व्यापक स्तर पर विशेष प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत कर दी है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर दोनों इकाइयों में सोमवार से प्रशिक्षण कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखना, भीड़ नियंत्रण को प्रभावी बनाना, यातायात व्यवस्था को सुचारु करना तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

भोपाल पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त आईजी मनोज शर्मा और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने किया। वहीं भोपाल देहात में रक्षित केंद्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत सिंहस्थ-2028 के नोडल अधिकारी एवं डीआईजी राजेश सिंह चंदेल तथा पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर की।

अधिकारियों ने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में करोड़ों श्रद्धालु शामिल होते हैं, ऐसे में पुलिस बल का प्रशिक्षित, अनुशासित और तकनीकी रूप से दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया, वीआईपी सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, संचार समन्वय, शाही स्नान व्यवस्था, चिकित्सा सहायता और श्रद्धालुओं की मदद जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

भोपाल देहात में प्रशिक्षण को ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स मॉडल के तहत चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि पूरा पुलिस बल इस प्रक्रिया से जुड़ सके।

अधिकारियों का कहना है कि इस विशेष प्रशिक्षण के बाद पुलिस बल सिंहस्थ-2028 के दौरान आने वाली सुरक्षा और प्रबंधन संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगा।सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज, भोपाल पुलिस ने शुरू किया विशेष प्रशिक्षण अभियान

|
आज का राशिफल

मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़