नई दिल्ली, 02 जून ।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में ऑनलाइन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। बोर्ड के अध्यक्ष राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का स्थानांतरण कर दिया गया है। साथ ही इस प्रणाली से संबंधित टेंडर और खरीद प्रक्रिया की जांच के लिए एक सदस्यीय समिति गठित की गई है।
मामले ने उस समय अधिक गंभीर रूप ले लिया जब 12वीं कक्षा के छात्र सार्थक सिद्धांत ने ऑनलाइन मूल्यांकन प्रणाली में कथित खामियों को लेकर संसद की स्थायी समिति के समक्ष प्रस्तुति दी। उन्होंने अपने अध्ययन के आधार पर प्रणाली में तकनीकी और प्रक्रियात्मक कमियों की ओर ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद संसदीय समिति ने इस विषय पर विस्तृत समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी।
इसी दौरान पुनर्मूल्यांकन पोर्टल को बड़े पैमाने पर साइबर हमले का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, कुछ ही मिनटों के भीतर सिस्टम तक पहुंचने के लिए लाखों प्रयास किए गए। हालांकि तकनीकी टीमों की निगरानी के चलते पोर्टल की कार्यप्रणाली प्रभावित नहीं हुई और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक आवेदन दर्ज किए।
ऑनलाइन स्क्रीन मार्किंग व्यवस्था को इस वर्ष पहली बार लागू किया गया था। परिणाम घोषित होने के बाद कई छात्रों ने मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर आपत्तियां और शिकायतें दर्ज कराई थीं, जिसके बाद इस पूरे मामले ने व्यापक चर्चा का रूप ले लिया।
सरकार ने अब तकनीकी और प्रशासनिक दोनों पहलुओं की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।











