नई दिल्ली, 02 जून।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मंगलवार को कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के अंकों के सत्यापन तथा उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए अपना ऑनलाइन पोर्टल सक्रिय कर दिया है। बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी साझा की और विद्यार्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी निर्देशों के अनुसार आवेदन करने के लिए पोर्टल लिंक भी उपलब्ध कराया।
इस पोर्टल के माध्यम से छात्र अपने अंकों की जांच करा सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन करवा सकते हैं। यह सुविधा छात्रों को उनके परीक्षा परिणामों से संबंधित असंतोष के समाधान का अवसर प्रदान करती है।
सीबीएसई ने इस प्रक्रिया को मुख्य रूप से तीन चरणों में बांटा है। पहले चरण में अंकों का सत्यापन, दूसरे में मूल्यांकन शीट की फोटोकॉपी और तीसरे में पुनर्मूल्यांकन शामिल है। इसके साथ ही बोर्ड ने छात्रों के लिए निर्देशों का वीडियो भी जारी किया है, जिससे वे ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया को आसानी से पूरा कर सकें।
इससे पहले पोर्टल 26 मई को शुरू होने वाला था, लेकिन तकनीकी कारणों और अन्य बाधाओं के चलते इसे 1 जून तक बढ़ाया गया था। अब यह पोर्टल पूरी तरह से लाइव है और सभी इच्छुक छात्र इसका उपयोग कर सकते हैं।












