मंदसौर, 01 जून ।
मंदसौर में सोमवार को कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने संबल पंजीयन योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने सीएमओ और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के लिए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विद्यालयों में जर्जर भवनों का सर्वेक्षण कर उन्हें चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे भवनों में विद्यार्थियों को नहीं बैठाया जाए और वहां किसी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि संचालित न हो। साथ ही आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य समय पर पूरे किए जाएं।
नगरीय निकायों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में जर्जर भवनों की पहचान कर आवश्यकतानुसार उन्हें हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
बैठक में जानकारी दी गई कि जून माह से जिले के सभी विकासखंडों में राहगीर अभियान प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए सभी एसडीएम को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा पटवारियों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने समय-सीमा के बाद निराकृत किए गए मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के बाद निपटाए गए प्रत्येक प्रकरण पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्रकरणों का निराकरण तय समय-सीमा के भीतर किया जाए। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, लंबित मामलों और योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।










