काठमांडू, 4 जून।
कैलाश-मानसरोवर यात्रा सीजन की शुरुआत के साथ ही नेपाल का हुम्ला जिला भारतीय श्रद्धालुओं की आवाजाही से गुलजार हो उठा है। जिले के मुख्यालय सिमकोट में बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने से पर्यटन कारोबार, होटल उद्योग, हेलीकॉप्टर सेवाओं और स्थानीय श्रमिकों की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
हुम्ला हवाई अड्डे के अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए तारा एयर और सीता एयर ने नेपालगंज में अतिरिक्त विमानों की व्यवस्था की है। वहीं हेलीकॉप्टर सेवा प्रदाताओं ने भी मांग बढ़ने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में अधिक हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं।
नागरिक उड्डयन कार्यालय के अनुसार गुरुवार को सिमकोट हवाई अड्डे से दोनों दिशाओं में कुल 170 उड़ानों का संचालन किया गया। इनमें नेपालगंज से सिमकोट के लिए 29 विमान उड़ानें और सिमकोट से चीन सीमा के निकट हिल्सा तक 56 हेलीकॉप्टर उड़ानें शामिल रहीं।
जिले के प्रमुख अधिकारी टेक प्रसाद रेगमी ने बताया कि पूरे क्षेत्र में इस समय भारतीय श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी मौजूदगी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि सुबह साढ़े छह बजे से उड़ान संचालन शुरू हो जाता है और यात्रियों की सुरक्षा तथा सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
जिला पुलिस कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार यात्रा शुरू होने के बाद पिछले तीन सप्ताह में 2,124 भारतीय श्रद्धालु कैलाश-मानसरोवर के दर्शन कर चुके हैं। इनमें करीब 1,200 पुरुष और लगभग 900 महिला श्रद्धालु शामिल हैं।
यात्रा मार्ग के तहत श्रद्धालु पहले नेपालगंज पहुंचते हैं। इसके बाद विमान से सिमकोट और फिर हेलीकॉप्टर के माध्यम से हिल्सा पहुंचकर चीन सीमा में प्रवेश करते हैं। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि इस वर्ष करीब 16 हजार भारतीय श्रद्धालुओं ने कैलाश-मानसरोवर यात्रा के लिए अग्रिम पंजीकरण कराया है।




.jpg)





