भोपाल, 5 जून ।
छोला मंदिर थाना पुलिस ने पत्नी और उसकी बहन पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का क्षेत्र में जुलूस निकालकर अपराधियों को सख्त संदेश देने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक रोशनी अहिरवार की शिकायत पर आरोपी अक्षय चंदेल के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी की पत्नी पायल अहिरवार पारिवारिक विवाद के कारण अपने मायके में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार घटना 2 जून की शाम चांदबाड़ी क्षेत्र में हुई। रोशनी अहिरवार और पायल अहिरवार कहीं जा रही थीं, तभी आरोपी ने रास्ता रोककर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने चाकू से रोशनी के चेहरे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बहन को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची पायल पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। उसके गर्दन, हाथ और पीठ पर कई वार किए गए। घटना के दौरान आरोपी ने दोनों महिलाओं को जान से मारने की धमकी भी दी।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे सागर जिले के बमोरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच जारी है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को क्षेत्र में घुमाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।







.jpg)





