भोपाल, 13 मई।
वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल में संचालित वन्यप्राणी अंगीकरण योजना के तहत आईडीबीआई बैंक ने पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है। बैंक ने वन्यप्राणियों के भोजन प्रबंधन के लिए दो बोलेरो कैम्पर वाहन उपलब्ध कराए हैं और एक नर बाघ ‘बाजीराव’ को एक वर्ष के लिए गोद लिया है।
वन्यप्राणी अंगीकरण योजना की शुरुआत एक जनवरी 2009 को की गई थी। इस पहल के माध्यम से विभिन्न संस्थाएं और लोग वन्यजीव संरक्षण में भागीदारी निभा रहे हैं। इसी क्रम में आईडीबीआई बैंक भोपाल ने सामाजिक दायित्व के तहत वन विहार राष्ट्रीय उद्यान को सहयोग देते हुए यह योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान आईडीबीआई बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से महाप्रबंधक महेश चंद्र कारी, उप महाप्रबंधक राजेश अग्रवाल, सहायक महाप्रबंधक अचल जैन, आंचलिक कार्यालय के सहायक महाप्रबंधक ब्लेसियन डेनियल और प्रबंधक आदित्य अग्रवाल ने वन विहार के संचालक विजय कुमार को दो बोलेरो कैम्पर वाहनों की चाबियां सौंपीं। साथ ही नर बाघ ‘बाजीराव’ को एक वर्ष के लिए अंगीकरण में लेने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
इस अवसर पर वन विहार की सहायक संचालक डॉ. रूही हक और पर्यटन इकाई प्रभारी के.एन. शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वन विहार प्रबंधन की ओर से आईडीबीआई बैंक के अधिकारियों को वन्यप्राणी अंगीकरण से संबंधित प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।
वन विहार प्रशासन के अनुसार इस योजना के अंतर्गत अब तक कुल 107 वन्यप्राणियों को गोद लिया जा चुका है, जिससे संरक्षण और देखरेख की दिशा में सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।









.jpg)


.jpg)
