नई दिल्ली, 01 मई
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुजरात में देश की पहली बहु-लेन मुक्त प्रवाह बाधारहित टोल प्रणाली शुरू करने की महत्वपूर्ण घोषणा की है। यह अत्याधुनिक प्रणाली सूरत-भरूच खंड के चोरयासी टोल प्लाजा पर लागू की गई है, जिसके अंतर्गत वाहन चालकों को टोल भुगतान के लिए अब रुकने की आवश्यकता नहीं होगी।
मंत्रालय के अनुसार यह प्रणाली स्वचालित वाहन संख्या पहचान और फास्टैग जैसी उन्नत तकनीकों पर आधारित है। इन तकनीकों के माध्यम से टोल संग्रह की प्रक्रिया पूरी तरह निर्बाध और त्वरित हो सकेगी। इससे वाहनों की आवाजाही सहज होगी और टोल प्लाजा पर लगने वाले यातायात अवरोध में उल्लेखनीय कमी आएगी।
नितिन गडकरी ने कहा कि यह पहल देश के टोल तंत्र के डिजिटलीकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग अधोसंरचना के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ी और निर्णायक छलांग है। इस प्रणाली से यात्रा में लगने वाले समय में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी और वाहनों से उत्सर्जित होने वाले प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी देखने को मिलेगी।
गडकरी ने आगे कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विश्वस्तरीय और तकनीक आधारित राजमार्ग अधोसंरचना विकसित करने की दृढ़ प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है। इससे देश में यातायात अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनेगा।









