नई दिल्ली, 28 अप्रैल
भारत ने माली में हुए भीषण आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों और घायलों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। सरकार ने विशेष रूप से माली के रक्षा मंत्री जनरल सादियो कामारा सहित सभी पीड़ितों के प्रति शोक व्यक्त किया है।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि माली में कई स्थानों पर हुए समन्वित आतंकवादी हमले अत्यंत निंदनीय हैं। भारत ने इन घटनाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए इस कठिन समय में माली सरकार और वहां की जनता के साथ अपनी पूर्ण एकजुटता दोहराई है।
बयान में यह भी उल्लेख किया गया कि आतंकवादी हमले में माली के रक्षा एवं पूर्व सैनिक मामलों के मंत्री जनरल सादियो कामारा के निधन पर भी भारत ने शोक व्यक्त किया है। साथ ही आतंकवाद के सभी स्वरूपों के खिलाफ अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराते हुए क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के प्रयासों को समर्थन देने की बात कही गई है।
उल्लेखनीय है कि लगभग 25 और 26 अप्रैल के बीच माली में हुए हमलों में अल-कायदा से जुड़े जेएनआईएम उग्रवादियों और तुआरेग विद्रोहियों द्वारा देश के विभिन्न सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया था।












