पूर्वी सिंहभूम, 11 अप्रैल।
पूर्वी सिंहभूम जिले में युवा कांग्रेस कमिटी के जिला उपाध्यक्ष के नेतृत्व में शहर की बिगड़ती विधि-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और अव्यवस्थित ट्रैफिक को लेकर शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में शहर की मौजूदा स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा गया है कि हाल के समय में जमशेदपुर में आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। हत्या, धारदार हथियारों से हमले और संगठित अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी ने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप लगाया गया है कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और वे बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को भी पूरी तरह से चरमराई हुई बताया गया है। जगह-जगह लगने वाले जाम से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया गया कि ट्रैफिक सुधार के नाम पर पुलिस केवल हेलमेट जांच पर अधिक ध्यान दे रही है, जबकि जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है।
ज्ञापन में नशीले पदार्थों, विशेषकर स्मैक जैसे ड्रग्स की बढ़ती बिक्री पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई है। कहा गया है कि यह स्थिति युवाओं के भविष्य के लिए अत्यंत खतरनाक है, लेकिन इस पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। इसके साथ ही सट्टा जैसे अवैध कारोबार के बड़े पैमाने पर संचालित होने और उन पर अंकुश लगाने में प्रशासन की विफलता का भी उल्लेख किया गया है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि इन परिस्थितियों से यह साबित होता है कि शहर की कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इन समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में शांति और व्यवस्था बहाल हो सके।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


.jpg)








.jpg)
