जींद, 08 अप्रैल 2026।
जुलाना में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगकर लोगों में भय पैदा किया। गिरफ्तार आरोपितों को बाजार में घुमाकर लोगों में डर कम करने की कोशिश की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित मोबाइल फोन और सिम कार्ड खरीदकर विभिन्न व्यक्तियों को गैंग के नाम पर धमकी देते थे और फिरौती मांगते थे। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
पुलिस ने सभी आरोपितों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपितों से वारदात में शामिल अन्य लोगों और तथ्यों के बारे में जानकारी जुटाएगी।
एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि 25 मार्च को टिटोली गांव निवासी अनूप ने शिकायत दी थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके मोबाइल नंबर पर कॉल करके दो करोड़ रुपये की मांग की और न देने पर परिवार की हत्या की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना जुलाना में मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच सीआईए स्टाफ जींद को सौंपी गई, जिन्होंने तकनीकी जांच और साइबर शाखा की मदद से आरोपितों का पता लगाया और सोनीपत पुलिस के साथ समन्वय किया।
सात अप्रैल को प्रोडक्शन वारंट के आधार पर सोनीपत जिला जेल से आरोपित आयुष उर्फ मोटा उर्फ सरिया, आकाश उर्फ काना, आदित्य भारद्वाज उर्फ यश, यश खत्री उर्फ शिकारी और अंकित कुमार उर्फ विनय को गिरफ्तार किया गया।
गहन पूछताछ में आरोपितों ने माना कि उन्होंने धमकी देकर फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। एसपी कुलदीप सिंह ने आम जनता से अपील की कि इस तरह की कॉल आने पर घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचित करें।








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

