किशनगंज, 18 अप्रैल।
जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की पुष्टि की है। शनिवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने जानकारी दी कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में 9020 से अधिक एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक मौजूद है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था नियमित रूप से जारी है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उपभोक्ता घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और सामान्यतः 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार शहरी उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है। कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक के लिए प्रशासन द्वारा धावा दल के माध्यम से लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक 30 स्थानों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
आमजन की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित होता है। इसका दूरभाष नंबर 06456-225152 जारी किया गया है। प्रशासन के अनुसार अब तक एलपीजी से संबंधित कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।



.jpg)


.jpg)
.jpg)

