कटिहार, 14 मई।
जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने पिछले चौबीस घंटे के भीतर व्यापक स्तर पर अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की, जिससे नशा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान कोढ़ा, बलिया बेलौन और बलरामपुर थाना क्षेत्रों की टीमों ने महत्वपूर्ण कार्रवाई की।
कोढ़ा थाना क्षेत्र में मिली सूचना के आधार पर महिनाथपुर नहर के पास पुलिस ने घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को संदिग्ध अवस्था में भागते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 16.31 ग्राम स्मैक और 16,040 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदेश कुमार, सुमित कुमार और अर्जुन कुमार के रूप में हुई है, जो मूसापुर के निवासी बताए गए हैं।
इसी क्रम में बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के मीनापुर चौक पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को रुकने का संकेत दिया, लेकिन वह भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। जांच में आरोपी मो. सफीउल्लाह उर्फ राजा के बैग से 149 बोतल अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ। इस मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
उधर बलरामपुर थाना पुलिस ने आदमपुर गांव में छापेमारी कर 720 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया, हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शून्य सहनशीलता की नीति पर काम किया जा रहा है। सभी आरोपियों पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है तथा इनके नेटवर्क की गहन जांच जारी है।






.jpg)






