कांकेर, 15 मई।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नक्सलियों के डंप ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी बरामद किए हैं, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा बलों की कार्रवाई को महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है।
यह कार्रवाई कांकेर पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और आईटीबीपी की संयुक्त टीम द्वारा लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान की गई, जिसमें आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर यह डंप ठिकाना चिन्हित किया गया।
बरामद सामग्री में एक 7.62 एसएलआर राइफल, एक 5.56 इंसास राइफल, पांच थ्री-नॉट-थ्री राइफल, 11 सिंगल शॉट देसी बंदूकें, आठ बीजीएल लॉन्चर, पांच भरमार बंदूक, 15 सिंगल शॉट 12 बोर बंदूक, दो देसी कट्टा, एक 315 बोर बंदूक और एक 7.65 एमएम पिस्टल शामिल हैं।
इसके अलावा सुरक्षा बलों ने मौके से 10 कुकर बम, एक तीर बम, 13 मैगजीन, 469 कारतूस, 34 बीजीएल सेल, 46 किलो बारूद, चार वॉकी-टॉकी और एक छोटा गैस वेल्डिंग मशीन भी बरामद की है, जिससे नक्सलियों की बड़ी तैयारी का खुलासा हुआ है।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी इस प्रकार के नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






.jpg)




