कोलकाता, 25 अप्रैल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी शीर्षन्य बंद्योपाध्याय के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्रीय नेतृत्व पर तीखा हमला किया।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए केंद्रीय एजेंसियों, सुरक्षा बलों और संसाधनों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कई मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और हेलीकॉप्टर चुनाव प्रचार के लिए लगाए हैं, लेकिन जनता इसका जवाब मतदान से देगी।
मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम और भवानीपुर का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष वोटिंग प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जनता ऐसे प्रयासों को नाकाम कर देगी। उन्होंने रोजगार और उद्योग के मुद्दे पर भी बयान दिया और दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बेरोजगारी कम हो रही है और उद्योगों का विकास हो रहा है। उन्होंने हावड़ा से बर्धमान तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे हो रहे विकास और औद्योगिक विस्तार को प्रमुख उदाहरण के रूप में पेश किया।
ममता बनर्जी ने हिंदमोटर क्षेत्र की जमीन पर नए कारखाने लगाए जाने की जानकारी दी और कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में औद्योगिक गलियारे विकसित किए जा रहे हैं और बड़े निवेश आने वाले हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय घोषणाएं की जाती हैं, लेकिन पूरे देश में समान रूप से लाभ नहीं पहुंचाया जाता। उन्होंने पेट्रोल कीमतों और महंगाई का मुद्दा भी उठाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन से संयम बरतने की अपील की और कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाताओं को स्वतंत्र वातावरण मिलना चाहिए।
उत्तरपाड़ा विधानसभा सीट पर इस बार तृणमूल कांग्रेस ने शीर्षन्य बंद्योपाध्याय को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने दीपांजन चक्रवर्ती और वाम दलों ने मीनाक्षी मुखोपाध्याय को मैदान में उतारा है। चुनावी मुकाबले को लेकर इस सीट पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।









