मुंबई, 07 मई।
मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ का टीजर जारी कर दिया गया है, जिसके सामने आते ही यह सोशल मीडिया और यूट्यूब पर चर्चा का केंद्र बन गया है।
इस फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी चिन्मय मंडलेकर ने संभाली है। टीजर में मनोज बाजपेयी भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर के गंभीर और प्रभावशाली किरदार में नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि उनका किरदार पूर्व आरबीआई गवर्नर एस. वेंकिटरमणन से प्रेरित है। फिल्म की कहानी वर्ष 1991 के उस आर्थिक संकट पर आधारित है, जब देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगभग समाप्त होने की स्थिति में पहुंच गया था और भारत आर्थिक संकट के बेहद नजदीक था।
फिल्म में अदा शर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगी। निर्माताओं के अनुसार यह कहानी उस गुमनाम नेतृत्व की है, जिसने अपने फैसलों और दूरदर्शिता से देश को बड़े आर्थिक संकट से बाहर निकालने में निर्णायक भूमिका निभाई। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।



.jpg)







.jpg)