नाहन, 08 मई।
नाहन में जिला परिषद चुनावों को लेकर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के नामांकन के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा प्रहार किया।
उन्होंने बताया कि त्रिलोकपुर वार्ड से भाजपा समर्थित प्रत्याशी एवं महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष तथा पूर्व बीडीसी सदस्य प्रोमिला शर्मा और रेणुका-ददाहू वार्ड से माता रेणुका क्षेत्र की उम्मीदवार शिवानी ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों प्रत्याशी जनता के समर्थन से भारी मतों से जीत हासिल कर जिला परिषद में क्षेत्र की मजबूत आवाज बनेंगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की आर्थिक स्थिति पूरी तरह बिगड़ चुकी है और विकास कार्य पिछले तीन वर्षों से लगभग ठप पड़े हैं, जबकि सरकारी खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के हितों की बजाय अपने करीबियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है, जिससे शासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में लगभग 45,000 करोड़ रुपये का भारी कर्ज लिया है और इसके बावजूद कर्ज लेने का सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि इस महीने भी लगभग 1500 करोड़ रुपये का नया ऋण लेने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जमीन पर दिखाई नहीं देती और जो सड़कें बन रही हैं, वे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत केंद्र सरकार के फंड से निर्मित हो रही हैं।
डॉ. बिंदल ने आगे कहा कि पंचायत और जिला परिषद चुनाव केवल स्थानीय निकायों के चुनाव नहीं हैं, बल्कि यह कांग्रेस सरकार की नीतियों, आर्थिक प्रबंधन और विकास को लेकर जनता की राय भी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाएं और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करें।



.jpg)


.jpg)

.jpg)

.jpg)
