भोपाल, 07 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने मंगलवार को मंत्रालय में गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की और देरी पर नाराजगी जताई।
बैठक में उन्होंने क्षेत्र में निर्माणाधीन 9 पेयजल टंकियों के निर्माण को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। इन टंकियों की कुल क्षमता लगभग 20 लाख लीटर होगी, जिससे क्षेत्रवासियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने रोहित नगर फेस-1 और फेस-2 में पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए और अधिकारियों को कहा कि सभी लंबित कार्यों में तेजी लाएं और किसी भी अवरोध को तुरंत दूर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में क्षेत्र की अन्य समस्याओं और विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर पार्षद छाया ठाकुर, उर्मिला मौर्य, अर्चना परमार, जितेंद्र शुक्ला, पूर्व पार्षद रामबाबू पाटीदार, बी. शक्तिराव, नीरज सिंह के साथ ही स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी मौजूद थे।













