ग्वालियर, 28 अप्रैल
निरीक्षण के दौरान सांसद कुशवाह ने मुरैना स्थित पांचवीं बटालियन के सामने सर्विस रोड पर बन रहे डक्ट, आसन नदी और सांक नदी पर निर्माणाधीन पुलों, जरेरुआ स्थित पाइप निर्माण फैक्ट्री तथा झांसी बाईपास के पास पाइपलाइन बिछाने के कार्य का विस्तार से अवलोकन किया।
उन्होंने कहा कि चंबल का जल शीघ्र ग्वालियर तक पहुंचाना केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिक प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसके लिए परियोजना की नियमित निगरानी की जा रही है और कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर तकनीकी मानकों से समझौता न किया जाए और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि परियोजना का लाभ शीघ्र नागरिकों को मिल सके।
उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसियों को निर्धारित अवधि में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए तथा कहा कि यह परियोजना ग्वालियर के लिए दीर्घकालिक समाधान साबित होगी।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त संघप्रिय, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, कार्यपालन यंत्री शालिनी सिंह, सहायक यंत्री पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, फर्म प्रतिनिधि एफआई खान सहित निर्माण एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभागीय अमला उपस्थित रहा, जिन्होंने सांसद को अब तक की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।












