नई दिल्ली, 19 मई।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने जोधपुर में दो बहनों की कथित सामूहिक दुष्कर्म, ब्लैकमेल और यौन शोषण से जुड़े मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है, जिसके बाद आयोग ने राजस्थान के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने अधिकारियों को पत्र लिखकर सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। इस रिपोर्ट में एफआईआर में दर्ज आरोप, सभी आरोपी की गिरफ्तारी, जांच की वर्तमान स्थिति, डिजिटल एवं फोरेंसिक साक्ष्यों की जानकारी, पीड़ित परिवार द्वारा पहले की गई शिकायतों पर पुलिस की कथित निष्क्रियता और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही शामिल होनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को कानूनी सहायता, मानसिक परामर्श, सुरक्षा और पुनर्वास संबंधी मदद प्रदान की जाए। आयोग ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि भविष्य में महिलाओं के खिलाफ यौन अपराध और ब्लैकमेल के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए।
अध्यक्ष रहाटकर ने इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि महिलाओं के खिलाफ इस प्रकार के जघन्य अपराध को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






.jpg)







