जबलपुर, 23 मई ।
रांझी क्षेत्र के बड़ा पत्थर इलाके में संचालित शराब दुकान को लेकर लंबे समय से चल रहे विरोध के बीच शनिवार को भाजपा पार्षद दल ने मौके पर पहुंचकर दुकान में तालाबंदी कर दी, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।
स्थानीय लोगों और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा इस शराब दुकान के खिलाफ लगातार विरोध जताया जा रहा था। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि दुकान के आसपास सब्जी मंडी और मंदिर स्थित होने के कारण महिलाओं और परिवारों का आना-जाना प्रभावित हो रहा था तथा दुकान खुलने के बाद माहौल असहज हो गया है।
बताया गया कि हाल ही में क्षेत्रीय प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था, जिसके बाद आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही दुकान को हटाया जाएगा। इसी आश्वासन के बाद भाजपा पार्षद दल ने मौके पर पहुंचकर दुकान पर ताला लगा दिया।
वहीं इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस के पदाधिकारी भी पिछले कई दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान के कारण क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे आमजन, विशेषकर महिलाओं को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




.jpg)

.jpg)







