मंदसौर, 08 जुलाई।
मंदसौर शहर में चल रहे सीवरेज कार्य के कारण प्रभावित सड़कों की स्थिति का बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी और सांसद बंशीलाल गुर्जर ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 39 यशनगर और वार्ड क्रमांक 26 चंद्रपुरा में चल रहे कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाकर सड़क मरम्मत और समतलीकरण का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देश दिए कि विकास कार्य तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने जनहित को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, पार्षद भारती पाटीदार, धीरज पाटीदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.के. सुमन और नगर पालिका के इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौजूद रही।
















