मंदसौर, 08 जुलाई।
मंदसौर शहर में सर्किट हाउस के पास मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में कार सवार दो दोस्त घायल हो गए। दोनों की कार आगे चल रही पिकअप वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद डायल-112 की टीम ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे की है। हुंडई आई-20 कार में उज्जैन निवासी संजय साहू (25) और मंदसौर के अभिनंदन नगर निवासी ओम सोनी (22) सवार थे। दोनों दोस्त नयाखेड़ा से चाय पीने के बाद मंदसौर लौट रहे थे।
सर्किट हाउस के पास अचानक पिकअप वाहन के ब्रेक लगाने से कार चालक नियंत्रण नहीं रख सका और कार पीछे से पिकअप में जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ओम सोनी के चेहरे और हाथ में चोट आई है, वहीं संजय साहू के चेहरे, सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें लगी हैं। चिकित्सकों ने संजय के चेहरे पर करीब 20 टांके लगाए हैं।
बताया गया कि संजय अपने दोस्त ओम सोनी से मिलने उज्जैन से मंदसौर आए थे। दोनों नयाखेड़ा में चाय पीने गए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
















