अपराध
16 Apr, 2026

बैरसिया हत्याकांड में नया खुलासा, गोली नहीं रॉड से हुई किराना कारोबारी की मौत

बैरसिया में किराना कारोबारी की हत्या के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है कि उनकी मौत गोली नहीं बल्कि रॉडनुमा नुकीली वस्तु से दिल पर हुए गंभीर वार के कारण हुई।

भोपाल, 16 अप्रैल

राजधानी के बैरसिया क्षेत्र में किराना व्यवसायी मोहम्मद हनीफ की हत्या के मामले में अब जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है, जिसने पूरी घटना की दिशा ही बदल दी है। पहले जिसे गोली मारकर हत्या माना जा रहा था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी मौत गोली से नहीं बल्कि सीने में आर-पार घुसी रॉडनुमा नुकीली वस्तु के दिल तक पहुंचने से हुई है।

मृतक मोहम्मद हनीफ, वार्ड नंबर 7 बैरसिया के निवासी थे। उनका शव बुधवार शाम लगभग 4:30 बजे शमशाबाद रोड स्थित एक ढाबे के पास बरामद किया गया था, जो उनके घर से करीब 10 किलोमीटर दूर है। परिजनों के अनुसार, उन्हें दोपहर करीब 1 बजे एक फोन कॉल आया था, जिसके बाद वे यह कहकर घर से निकले थे कि जल्द वापस लौट आएंगे, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनकी हत्या की सूचना मिल गई।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावर बाइक पर सवार था। उसने सुनसान सड़क पर हनीफ को रोका, जिसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी या विवाद हुआ और फिर आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। घटना के समय क्षेत्र में आवाजाही कम थी, जिसका लाभ उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया।

जांच में आर्थिक पहलू भी सामने आया है। मृतक के भाई मोहम्मद अनीस के अनुसार, हनीफ का लगभग 50 लाख रुपये का लेन-देन कई लोगों के साथ था और वे किराना व्यापार के दौरान उधारी में माल भी दिया करते थे। परिजनों ने लेन-देन से जुड़ी डायरी पुलिस को सौंप दी है, जिसके आधार पर पुलिस अब उधारी लेने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है और अंतिम कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान भी की जा रही है। इसके साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की गतिविधियों का सुराग मिल सके।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच हर संभावित एंगल से की जा रही है, जिसमें रंजिश, आर्थिक विवाद और अन्य कारण शामिल हैं, लेकिन फिलहाल आरोपी तक कोई ठोस सुराग नहीं पहुंचा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है, जबकि व्यापारी वर्ग में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और जल्द खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़