न्यूयॉर्क, 01 मई
न्यूयॉर्क। यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की मौत से पहले एक कथित सुसाइड नोट लिखने का दावा किया गया है, जिसे पिछले सात वर्षों से न्यूयॉर्क की अदालत में सील किया गया था। अब तक यह नोट सार्वजनिक नहीं किया गया था। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एपस्टीन की मौत की जांच कर रही एजेंसियों को भी यह अहम सबूत नहीं मिला।
रिपोर्ट में बताया गया कि यह नोट जुलाई 2019 में एपस्टीन के साथी कैदी निकोलस टारटाग्लियोने को मिला था, जब एपस्टीन जेल में बेहोश हालत में पाया गया था। टारटाग्लियोने ने बताया कि नोट में लिखा था, "आप मुझसे क्या चाहते हैं, क्या मैं रोऊं? अब अलविदा कहने का समय है।" हालांकि, अमेरिकी न्याय विभाग का कहना है कि उनके पास यह नोट नहीं है और वे इसकी पुष्टि नहीं कर सकते।
यह नोट बाद में टारटाग्लियोने के आपराधिक केस का हिस्सा बन गया और एक फेडरल जज ने इसे सील कर दिया। इसके कारण एपस्टीन की मौत की जांच कर रहे अधिकारियों को यह महत्वपूर्ण दस्तावेज़ नहीं मिल सका। जस्टिस डिपार्टमेंट के प्रवक्ता ने कहा कि एजेंसी ने पूरी कोशिश की थी, लेकिन यह नोट उनके पास नहीं था। एपस्टीन की मौत के बाद मैनहट्टन करेक्शनल सेंटर की सुरक्षा में कई खामियां सामने आई हैं, जिससे इस मौत पर कई सवाल उठे हैं।










