झांसी, 09 मई।
थाना प्रेमनगर पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के पास से सट्टेबाजी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, 500 क्वाइन्स और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए हैं जिनकी तलाश जारी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडेय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोविंद नगर हंसारी निवासी सोहन यादव उर्फ सोनू पुत्र उद्धम सिंह यादव को न्यू गोविंद नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी को बंगरिया से श्रीनगर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन मिला, जिसमें विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों के जरिए सट्टेबाजी से जुड़े लेनदेन और गतिविधियों के संकेत मिले। जांच में यह भी सामने आया कि उसके डिजिटल खाते में 500 क्वाइन्स मौजूद थे।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह एजेंट के रूप में कार्य करता था और कुछ लोगों के माध्यम से सट्टेबाजी का संचालन करता था। पैसों का लेनदेन भी इन्हीं के जरिए किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।



.jpg)

.jpg)






