भोपाल, 30 अप्रैल।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने कार्यक्षेत्र भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के अंतर्गत आने वाले 16 जिलों के उच्चदाब उपभोक्ताओं को बड़ी सुविधा प्रदान करते हुए सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। कंपनी ने उच्चदाब नवीन संयोजन मामलों में अनुबंध निष्पादन के लिए अपने पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन ई-स्टाम्प प्रणाली लागू कर दी है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत कंपनी के एचटी संयोजन पोर्टल को पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग के संपदा 2.0 पोर्टल से जोड़ा गया है। इसके लिए विभाग से विधिवत लाइसेंस प्राप्त कर यह सुविधा शुरू की गई है, जिससे ई-स्टाम्प निर्माण और ई-हस्ताक्षर की पूरी प्रक्रिया अब पूर्णतः ऑनलाइन और सरल हो गई है।
नई व्यवस्था के बाद उच्चदाब उपभोक्ताओं को अब नवीन संयोजन या अनुबंध प्रक्रिया के लिए किसी भी सरकारी कार्यालय या बिजली कंपनी दफ्तर में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उपभोक्ता अपने मोबाइल या ईमेल पर प्राप्त एसएमएस अथवा लिंक के माध्यम से आधार आधारित ई-साइन या डिजिटल सिग्नेचर का उपयोग कर संबंधित क्षेत्र के महाप्रबंधक के साथ सीधे अनुबंध पूरा कर सकेंगे। नए उच्चदाब कनेक्शन के लिए आवेदन भी अब ऑनलाइन ही किया जा सकेगा।
श्री गर्ग ने कहा कि कंपनी उपभोक्ताओं को त्वरित और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। यह ऑनलाइन अनुबंध प्रणाली उसी दिशा में उठाया गया कदम है, जिससे औद्योगिक और बड़े उपभोक्ताओं के लिए बिजली कनेक्शन प्राप्त करना और अधिक आसान हो गया है।






.jpg)





