अपराध
01 May, 2026

चोरी की कार से डोडा-पोस्त तस्करी, 134 किलो नशा बरामद

जोधपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बिलाड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 134 किलो से अधिक डोडा-पोस्त बरामद कर चोरी की कार से तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जोधपुर, 1 मई।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बिलाड़ा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 134.895 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए कार को डिवाइडर पर चढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। उसकी कार से अलग-अलग नंबर प्लेटें भी बरामद हुई हैं और वह चोरी की कारों से तस्करी करता था।

एएनटीएफ के डीआईजी के अनुसार टीम को नागौर से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। इसके बाद जानकारी जुटाने पर पता चला कि यह वाहन जोधपुर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 25 से बिलाड़ा क्षेत्र के खारिया मीठापुर से होकर गुजरेगा। इस पर पुलिस ने थाना बिलाड़ा में नाकाबंदी शुरू की।

नाकाबंदी के दौरान एक तेज रफ्तार कार आती दिखी, जिसे रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने कार को डिवाइडर पर चढ़ाकर गलत दिशा में भगाने की कोशिश की। इस दौरान वाहन के आगे के टायर क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन टीम लगातार पीछा करती रही और पिचियाक क्षेत्र में हाईवे पर उसे रोक लिया गया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में डोडा-पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में आगे की जांच की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान झंवर थाना क्षेत्र निवासी मनीष विश्नोई के रूप में हुई है। वाहन की जांच के दौरान अलग-अलग नंबर प्लेटें मिलीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए रास्ते में नंबर प्लेट बदल देता था।

जांच में यह भी सामने आया कि वह तस्करी के लिए चोरी की कारों का इस्तेमाल करता था और जिस कार को जब्त किया गया है, वह भी चोरी की बताई जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़