नाहन, 01 मई।
जिला सिरमौर के राजगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में चूरा पोस्त बरामद किया है। यह कार्रवाई 30 अप्रैल को पुलिस थाना राजगढ़ की टीम द्वारा गश्त के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार टीम पबयाना क्षेत्र के पास गश्त कर रही थी और मादक पदार्थों से संबंधित सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रक सोलन की ओर से राजगढ़ की तरफ चूरा पोस्त लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बटोल (सनौरा) मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
ट्रक चालक से पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान रामलाल शर्मा, निवासी गांव भनोग, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में बताई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक की विस्तृत तलाशी ली, जिसमें पॉलीथीन के लिफाफों में छिपाकर रखा गया लगभग 9.346 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, ताकि नशे की इस खेप के स्रोत और इसके संभावित वितरण नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।









