भोपाल, 14 अप्रैल
राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में स्थित एक हॉस्टल में 28 वर्षीय पीजी चिकित्सा छात्रा के साथ मारपीट और अश्लील हरकत का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी एमबीबीएस छात्र के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राहुल अहिरवार के रूप में हुई है, जो एमबीबीएस का छात्र है। पीड़िता और आरोपी दोनों बुंदेलखंड क्षेत्र के एक ही जिले के रहने वाले हैं और पिछले लगभग दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे।
जानकारी के मुताबिक कुछ समय पूर्व दोनों के बीच संबंध टूट गया था, जिसके बाद छात्रा ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। इसी कारण आरोपी को संदेह होने लगा कि छात्रा किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क में है, जिससे वह रंजिश रखने लगा।
बताया जा रहा है कि रविवार को आरोपी अचानक छात्रा के हॉस्टल पहुंचा और उसके कमरे में जबरन प्रवेश कर गया। उसने भीतर से दरवाजा बंद कर लिया और छात्रा के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उसने अश्लील हरकतें भी कीं।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कोलार थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा मामले की जांच जारी है।








.jpg)
.jpg)


