भोपाल, 28 अप्रैल
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। शेष आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 160 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात ध्यानपूर्वक सुनी और शीघ्र समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर एडीएम सुमित पांडे, जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
जनसुनवाई में कलेक्टर के शांत व्यवहार, मुस्कान के साथ संवाद और हर शिकायतकर्ता की पूरी बात सुनने की शैली ने लोगों को प्रभावित किया। बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और कलेक्टर ने धैर्यपूर्वक सभी की बात सुनी।
विशेष रूप से बुजुर्गों की समस्याएं सुनने के लिए कलेक्टर स्वयं उनके पास पहुंचे और कहा कि उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, उनकी शिकायतों की जानकारी फोन पर ही उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रेस चर्चा में कलेक्टर ने बताया कि अगले मंगलवार से जनसुनवाई का दायरा बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों की सुविधा के लिए अगली जनसुनवाई बैरसिया में स्वयं आयोजित की जाएगी, जबकि भोपाल में अन्य अधिकारी जनसुनवाई संभालेंगे।
साथ ही कोलार, बैरागढ़ और भेल जैसे क्षेत्रों में भी जनसुनवाई आयोजित करने की योजना बनाई गई है, ताकि लोगों को अपने ही क्षेत्र में समस्याओं के समाधान का अवसर मिल सके। कलेक्टर की कार्यशैली को लेकर नागरिकों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है और लोगों ने इसे नई उम्मीद से जोड़ा है।













