मध्य प्रदेश
13 May, 2026

स्वच्छता सर्वेक्षण में बढ़ी जनभागीदारी, प्रदेश में 19 लाख से ज्यादा नागरिकों ने दिया फीडबैक

मध्य प्रदेश में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत 19 लाख से अधिक नागरिक फीडबैक दर्ज कर चुके हैं और आयुक्त ने क्यूआर कोड स्कैन कर सहभागिता बढ़ाने की अपील की है।

भोपाल, 13 मई।

मध्य प्रदेश में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर नागरिकों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त संकेत भोंडवे ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे क्यूआर कोड स्कैन कर स्वच्छता सर्वेक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और फीडबैक दर्ज कर शहरों की रैंकिंग मजबूत बनाने में योगदान दें। प्रदेश में अब तक 19 लाख से अधिक नागरिक सर्वेक्षण में अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा चुके हैं।

आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत आयोजित हो रहे इस सर्वेक्षण में मध्य प्रदेश जनसहभागिता और स्वच्छता संकल्प के साथ अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रदेश के 406 नगरीय निकायों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है और नागरिक सक्रिय रूप से फीडबैक प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं। विभाग इसे सकारात्मक संकेत मान रहा है, जो आगामी रैंकिंग में प्रदेश के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने में मददगार साबित हो सकता है।

उन्होंने बताया कि इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण की मूल्यांकन प्रणाली में बड़ा बदलाव किया गया है। अब ‘नागरिक फीडबैक’ और शिकायतों के त्वरित निराकरण को रैंकिंग का प्रमुख आधार बनाया गया है। पहले की तुलना में इस बार नागरिक संतुष्टि और समस्याओं के प्रभावी समाधान को अधिक महत्व दिया जाएगा। इसका उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था को केवल प्रशासनिक स्तर तक सीमित न रखकर आमजन की भागीदारी से जोड़ना है।

प्रदेश के सभी 406 नगरों में नई व्यवस्था के अनुरूप कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसमें अपशिष्ट प्रबंधन, दृश्य स्वच्छता और नागरिक संवाद को प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार और नगरीय प्रशासन विभाग तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को इस महाअभियान से जोड़ने पर जोर दे रहे हैं। विभाग का मानना है कि बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी प्रदेश को स्वच्छता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ाएगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़