काठमांडू, 08 अप्रैल।
नेपाल सरकार ने सार्वजनिक परिवहन और माल ढुलाई के किराए में बड़े पैमाने पर वृद्धि कर दी है, जो अब 17 से 22 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।
सरकारी आदेश के अनुसार नई दरें बुधवार से प्रभावी हो गई हैं। सार्वजनिक यातायात के किराए में पेट्रोलियम पदार्थ की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी के बाद 16.71 प्रतिशत का इजाफा किया गया है। वहीं तराई क्षेत्र में ढुलाई का किराया 15.75 प्रतिशत और पहाड़ी क्षेत्रों में 21.68 प्रतिशत बढ़ाया गया है।
भौतिक पूर्वाधार तथा परिवहन मंत्री सुनिल लम्साल ने किराया समायोजन को मंजूरी देने के बाद विभाग ने यह निर्णय लागू किया। नेपाल यातायात व्यवसायी राष्ट्रीय महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरोज सिटौला के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की बढ़ती कीमतों और अन्य तकनीकी कारणों के चलते यह वृद्धि आवश्यक थी।
परिवहन व्यवसायी लंबे समय से किराया समायोजन की मांग कर रहे थे। नए किराए लागू होने के साथ ही आम जनता की दैनिक यात्रा और उपभोग्य वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ने की संभावना है।
वैज्ञानिक किराया समायोजन कार्यविधि के तहत वाहन किराए में पेट्रोलियम पदार्थ का 35 प्रतिशत और बीमा, वाहन, बैंक ब्याज, स्पेयर पार्ट्स, टायर, लुब्रिकेंट समेत 13 मदों में हुई वृद्धि का 65 प्रतिशत योगदान माना गया है। इसके अलावा ईंधन की कीमत में 5 प्रतिशत की वृद्धि या कमी होने पर किराया दर स्वतः समायोजित होगी।







.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

