नई दिल्ली, 07 मई।
पंजाब के मुख्यमंत्री पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान राष्ट्रविरोधी ताकतों को संरक्षण देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में हुए धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा बिना किसी प्रमाण के भाजपा पर आरोप लगाना पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना और पद की गरिमा के खिलाफ है।
तरुण चुग ने कहा कि इस प्रकार के आरोप न केवल भ्रामक हैं, बल्कि इससे समाज में गलत संदेश जाता है और यह आपराधिक श्रेणी में आता है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री का बयान उनके ही पुलिस महानिदेशक के बयान से मेल नहीं खाता, जिसमें पंजाब पुलिस ने आईएसआई और विदेशी नेटवर्क की संलिप्तता की बात कही है। ऐसे में मुख्यमंत्री का रुख कई सवाल खड़े करता है कि क्या वे राज्य की सुरक्षा के प्रति गंभीर हैं या राजनीतिक लाभ के लिए राष्ट्रविरोधी तत्वों को ढाल दे रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के बयान पंजाब में अविश्वास और तनाव का माहौल पैदा कर सकते हैं, जो सामाजिक शांति के लिए खतरा है। मुख्यमंत्री को सार्वजनिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर जिम्मेदारी से बयान देना चाहिए, न कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में शामिल होना चाहिए।
तरुण चुग ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर मुख्यमंत्री अपने बयान को वापस लेकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें आपराधिक और दीवानी दोनों पहलू शामिल होंगे।












.jpg)
