सीवान, 01 मई
सीवान पुलिस ने रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाते हुए नशीले पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस अभियान में भारी मात्रा में स्मैक, नकद राशि और मोबाइल फोन बरामद करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।
30 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के पतार बाजार में एक व्यक्ति अपने घर से स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में रघुनाथपुर और असांव थाना की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई।
पुलिस दल के पहुंचते ही आरोपित भागने का प्रयास करने लगा, किंतु पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित की पहचान पतार गांव निवासी रमाकांत साह के पुत्र पप्पू कुमार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पुड़िया स्मैक बरामद हुई। इसके बाद उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी लेने पर 16.040 ग्राम स्मैक, दस स्क्रीनटच मोबाइल, छह कीपैड मोबाइल और 2,32,420 रुपये नकद जब्त किए गए। आरोपित ने स्वीकार किया कि यह नकद राशि स्मैक बेचकर अर्जित की गई थी।
इस मामले में रघुनाथपुर थाने में मादक पदार्थ निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के विरुद्ध एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।









