रायसेन, 28 अप्रैल
जनसंपर्क अधिकारी अनुभा सिंह ने जानकारी दी कि 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना के लिए विशेष पोर्टल सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके तहत अधिक से अधिक नागरिकों को इस प्रक्रिया से जोड़ने के लिए जिले में मिशन मोड में कार्य किया जा रहा है और लगातार प्रगति दर्ज की जा रही है।
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में जिले में इस कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है तथा उन्होंने बताया कि अब तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 82,884 स्वगणनाएं दर्ज होकर रायसेन जिला प्रदेश में शीर्ष पर पहुंच गया है। उन्होंने इसे अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।
कलेक्टर ने कहा कि एसडीएम, जनपद सीईओ, तहसीलदार, सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा प्रगणकों की मेहनत से यह उपलब्धि हासिल हुई है और स्वगणना कार्य की दैनिक प्रगति की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मोबाइल के माध्यम से स्वयं यह प्रक्रिया आसानी से पूरी कर सकते हैं।
जिले में पंचायतों और वार्डों में शिविर लगाकर लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाई जा रही है तथा मैदानी अमला लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है, साथ ही कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी भ्रमण कर नागरिकों से सीधे संवाद के माध्यम से उन्हें प्रेरित कर रहे हैं।












