जयपुर, 08 मई।
राजस्थान में शुक्रवार को मौसम ने दो विपरीत स्वरूप दिखाए, जहां एक ओर पूर्वी जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वहीं पश्चिमी हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ने से भीषण गर्मी का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक और अलवर में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता रहा। जयपुर, भरतपुर संभाग, दौसा, सवाई माधोपुर, अलवर, टोंक और कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्रों में दोपहर बाद अचानक बादल छा गए, तेज हवाएं चलीं, हल्की बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। टोंक और अलवर में ओले गिरने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
दौसा में गुरुवार शाम करीब आधे घंटे तक तेज अंधड़ चला, जिसके बाद जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। दौसा में सर्वाधिक 14.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि टोंक के वनस्थली क्षेत्र में 4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
उधर पश्चिमी राजस्थान में गर्मी ने तेजी से असर दिखाया है। जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। गुरुवार को जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में 44.2, फलोदी में 43.6 और बीकानेर में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
जयपुर में दिनभर तेज धूप बनी रही और अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिला, बादल छा गए और धूलभरी हवाएं चलने से लोगों को कुछ राहत मिली। उदयपुर में भी तापमान बढ़कर 39.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
कोटा में दिनभर गर्मी और उमस के बाद शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई, वहीं अजमेर में आगामी दो दिनों तक आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। सीकर में दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम को धूलभरी आंधी चली।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक से दो दिनों तक पूर्वी राजस्थान में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है, जिससे हीटवेव का असर और तेज हो सकता है। बदलते मौसम के इस दौर ने पूर्वी जिलों को राहत दी है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान के लिए आने वाले दिन अधिक चुनौतीपूर्ण रहने की आशंका है।



.jpg)


.jpg)

.jpg)


