सिरसा, 26 मई ।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर पैरोल पर जेल से बाहर आ गया है और उसके सिरसा स्थित डेरे पहुंचने पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार वह रोहतक की सुनारिया जेल से सुबह करीब साढ़े छह बजे 30 दिन की पैरोल पर बाहर निकला और लगभग सवा नौ बजे सिरसा स्थित डेरा परिसर में पहुंच गया।
बताया गया है कि यह उसकी सोलहवीं बार पैरोल या फरलो पर रिहाई है। वर्ष 2017 में साध्वियों के यौन शोषण मामले में उम्रकैद की सजा मिलने के बाद से वह कई बार अस्थायी रूप से जेल से बाहर आ चुका है।
इस वर्ष भी यह दूसरी बार है जब वह पैरोल पर बाहर आया है। उसके साथ चल रहे काफिले में आठ लग्जरी वाहन शामिल थे और सुरक्षा व्यवस्था के तहत उसे सुबह तड़के जेल से निकाला गया ताकि किसी तरह की भीड़ एकत्र न हो सके।
सिरसा स्थित डेरे में पहुंचने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।















