जम्मू, 25 अप्रैल।
नशा मुक्त अभियान के तहत चल रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत उपराज्यपाल मनोज सिन्हा शनिवार को सांबा जिला मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और समाज से नशे की बुराई समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि नशा उन्मूलन की इस मुहिम की सफलता युवाओं की भूमिका पर निर्भर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करने की जिम्मेदारी युवाओं के हाथों में है और सामूहिक प्रयासों से इस चुनौती पर विजय पाई जा सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह 100 दिवसीय अभियान आने वाले समय में एक उदाहरण बनेगा और यह साबित करेगा कि जनभागीदारी से बड़े बदलाव संभव हैं।
11 अप्रैल को इस अभियान की शुरुआत जम्मू के एमए स्टेडियम से पदयात्रा के माध्यम से की गई थी, जो परेड ग्राउंड तक निकाली गई थी। इसके बाद विभिन्न जिलों में जागरूकता रैलियों का आयोजन किया गया।
पिछले पखवाड़े में चलाए गए इस अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने कई नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके नेटवर्क से जुड़ी कई संपत्तियों को भी ध्वस्त किया गया है।










