मध्य प्रदेश
15 Apr, 2026

शादी से पहले दर्दनाक हादसा, हरदा में परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की शादी की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया। सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक की टक्कर में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

हरदा, 15 अप्रैल।

मध्य प्रदेश के हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया। शादी की तैयारियों में व्यस्त घर उस समय मातम में बदल गया जब खरीदारी कर लौट रहे मां और बेटे की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम ऊंचांन निवासी अभिषेक कीर (21) की शादी 19 अप्रैल को तय थी और घर में उत्सव का माहौल था। 17 अप्रैल को माता पूजन तथा 18 अप्रैल को मंडप की रस्में होनी थीं, लेकिन उससे पहले ही हादसा हो गया। अभिषेक अपनी मां नर्मदी बाई (45) और 12 वर्षीय भांजे शुभम के साथ शादी की खरीदारी के लिए हरदा गया था।

रात करीब 8:15 बजे तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे, तभी मांगरूल नाके के पास वन विभाग चौकी के समीप सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। बताया गया है कि ट्रॉली पाइप खाली करने के बाद सड़क किनारे खड़ी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अभिषेक और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल शुभम को पहले हंडिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया और बाद में भोपाल भेजने की सलाह दी गई। ग्रामीणों के अनुसार ट्रॉली लंबे समय से सड़क किनारे खड़ी थी और उसे हटाने की चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

परिवार में इस दुर्घटना से गहरा शोक छा गया है। अभिषेक के परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं, जबकि उनके पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखा गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़