नागरिक समस्याएँ
14 Apr, 2026

भोपाल में शराब दुकान के बाहर फायरिंग, मामूली विवाद में बदमाशों ने चलाई गोली

भोपाल के बरखेड़ी क्षेत्र में शराब दुकान के बाहर मामूली विवाद के बाद हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि किसी के घायल न होने के साथ पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर जांच शुरू कर दी है।

भोपाल, 14 अप्रैल|

राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बरखेड़ी इलाके में सोमवार को शराब दुकान के बाहर एक मामूली विवाद के बाद हवाई फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार नगर निगम कर्मचारी अरविंद लोट दोपहर के समय एक परिचित की नमकीन दुकान पर बैठे हुए थे, जो शराब दुकान के समीप स्थित है। इसी दौरान आसिम उर्फ डमरू अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और सामान लेने के बाद किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आसिम ने अपने पास रखे कट्टे से हवाई फायर कर दिया। अचानक गोली चलने की आवाज से वहां मौजूद लोग भयभीत हो गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। फायरिंग करने के बाद आरोपी अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर जहांगीराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपी फायरिंग करते हुए स्पष्ट रूप से नजर आए। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़