देहरादून, 16 मई।
उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एसएससी ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने परीक्षा केंद्र में सर्वर रूम और अंडरग्राउंड चैम्बर तैयार कर ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने का नेटवर्क खड़ा किया था।
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईश्वरी प्रसाद उर्फ इन्द्रजीत शर्मा के रूप में हुई है। उसे नेहरू ग्राम स्थित सैंट जोन्स एकेडमी से पकड़ा गया। आरोपी के पास से दो इंटरनेट राउटर भी बरामद किए गए हैं, जिनका उपयोग परीक्षा लैब में किया जा रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी एसएससी मल्टीटास्किंग स्टाफ और हवलदार भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था। इससे पहले इसी गिरोह के तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, 14 ब्लूटूथ डिवाइस, 20 बैटरियां, दो इंटरनेट राउटर और एक फर्जी पहचान पत्र बरामद किया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी तकनीकी कार्यों में दक्ष था और उसने परीक्षा केंद्रों में ऐसा सेटअप तैयार किया था, जिससे बाहरी सिस्टम के जरिए अभ्यर्थियों तक उत्तर पहुंचाए जा सकें।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान कुछ परीक्षा केंद्रों के सर्वर से छेड़छाड़ की जानकारी भी सामने आई है। एहतियातन 18 मई को प्रस्तावित एसएससी कांस्टेबल जीडी ऑनलाइन परीक्षा के लिए सैंट जोन्स एकेडमी केंद्र को सील कर दिया गया है। साथ ही पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।










