ला रोमाना, 8 जून।
डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक निजी जेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान रनवे पर संतुलन खो बैठा और कुछ ही पलों में भीषण आग की चपेट में आ गया। हादसे में पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई।
नागरिक उड्डयन अधिकारियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान गल्फस्ट्रीम जी-200 श्रेणी का था, जो अमेरिका के टेक्सास स्थित ऑस्टिन के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या सामने आने के बाद पायलट ने आपात स्थिति घोषित करते हुए विमान को वापस हवाई अड्डे की ओर मोड़ने का फैसला किया।
जानकारी के मुताबिक विमान हवाई अड्डे से करीब 16 नॉटिकल मील की दूरी पर था, जब नियंत्रण कक्ष को आपात स्थिति की सूचना दी गई। इसके बाद सुरक्षित लैंडिंग की तैयारी शुरू की गई, लेकिन रनवे पर उतरते समय विमान नियंत्रण में नहीं रह सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान के रनवे पर असंतुलित होते ही उसमें आग लग गई और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गया। दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
अधिकारियों ने बताया कि विमान में कोई यात्री सवार नहीं था। हादसे में केवल चालक दल के दो सदस्य मौजूद थे, जिनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद संबंधित एजेंसियों ने विमान दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर तकनीकी खराबी को संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।













