मंदसौर, 08 जून।
मंदसौर जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र में महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर सोमवार को स्क्रैप से भरा एक लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक एमपी 3 जीए 3596 दलौदा से स्क्रैप सामग्री लेकर टीएमटी फैक्ट्री की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से बिगड़ गया और भारी स्क्रैप लदा लोडिंग वाहन सड़क पर पलट गया।
हादसे के समय वाहन चालक कालू वाहन में मौजूद था, जिसे स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद पहुंचाई। राहत की बात यह रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई और उसकी जान सुरक्षित बच गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ और स्थिति अव्यवस्थित हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में क्रेन की सहायता से पलटे हुए वाहन को हटाया गया और सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के समय आसपास कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि किसी अन्य व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।














