जबलपुर, 08 जून।
जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए गोंडवाना एक्सप्रेस में ड्यूटी कर रहे तीन टिकट परीक्षकों के पास से 46 हजार रुपये से अधिक अतिरिक्त नकदी बरामद की है।
ट्रेन संख्या 22182 गोंडवाना एक्सप्रेस के स्लीपर और एसी कोचों में ड्यूटी पर तैनात टीटीई मनोज कुशवाहा, कुंदन कुमार और अनिकेश कुमार की जांच के दौरान यह राशि उनके घोषित कैश से अधिक पाई गई।
सूत्रों के अनुसार एक यात्री की शिकायत पर विजिलेंस टीम को सूचना मिली थी कि कुछ टीटीई यात्रियों से कथित तौर पर अतिरिक्त वसूली कर रहे हैं और जुर्माना लेने के बावजूद रसीद जारी नहीं कर रहे हैं। इसी आधार पर टीम ने जबलपुर स्टेशन पर निगरानी शुरू की।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही तीनों टीटीई को रोककर उनके पास मौजूद नकदी का मिलान ड्यूटी शुरू करने से पहले किए गए कैश डिक्लेरेशन से किया गया, जिसमें अनियमितता सामने आई।
जांच में कुंदन कुमार के पास से 32 हजार रुपये, अनिकेश कुमार के पास से 14 हजार रुपये और मनोज कुशवाहा के पास से 300 रुपये अतिरिक्त नकद मिला। कुल मिलाकर 46,300 रुपये की अतिरिक्त राशि दर्ज की गई।
विजिलेंस विभाग ने प्रारंभिक जांच के बाद मामला वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक को आगे की विभागीय कार्रवाई के लिए सौंप दिया है। रेलवे प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।














