उत्तर प्रदेश
08 Jun, 2026

लखनऊ में क्षेत्रीय मौसम केंद्र का शुभारंभ, योगी बोले- सटीक जानकारी से बचेगी जान-माल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया जिससे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सटीक मौसम पूर्वानुमान और आपदा प्रबंधन को नई मजबूती मिलेगी।

लखनऊ, 08 जून।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि मौसम की सटीक और भरोसेमंद जानकारी न केवल जन-धन की हानि रोकने में सहायक है, बल्कि इससे कृषि क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाना भी संभव हो पाया है। राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लखनऊ मौसम केंद्र को 'क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र' के रूप में अपग्रेड करने का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि तकनीक के इस युग में हमें हर स्तर पर बेहतर पूर्वानुमान की आवश्यकता है। उन्होंने पुराने समय के मनीषियों की पंचांग गणनाओं का स्मरण करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश ने तकनीकी क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।

योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार ने ब्लॉक स्तर तक वर्षा के आकलन के लिए उपकरण स्थापित किए हैं ताकि किसानों को सही समय पर मदद मिल सके। उन्होंने शाकुंभरी देवी मंदिर की बाढ़ त्रासदी का उदाहरण देते हुए कहा कि समय पर मिले अलर्ट से अधिकांश लोगों की जान बचाई जा सकी।

उन्होंने बताया कि राज्य में सोनभद्र और मिर्जापुर जैसे इलाकों में पहले आकाशीय बिजली से भारी मौतें होती थीं, जो अब काफी कम हो गई हैं। उन्होंने एनडीआरएफ और मौसम विभाग के समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार अत्याधुनिक सैटेलाइट व्यवस्था विकसित करने में हर संभव सहयोग देने को तैयार है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि अब लखनऊ स्थित यह क्षेत्रीय कार्यालय उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों के मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखेगा। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में विभाग ने रिकॉर्ड रडार और उपकरण स्थापित किए हैं।

मंत्री ने बताया कि साल 2014 से पहले देश में मात्र 14 रडार थे, जिनकी संख्या अब 150 के पार पहुंच गई है और आगामी दो वर्षों में यह आंकड़ा 200 हो जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का सम्मान भी किया गया।

लखनऊ को क्षेत्रीय केंद्र का दर्जा मिलने से भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने जैसी प्राकृतिक आपदाओं की निगरानी और पूर्व चेतावनी प्रणाली बेहद मजबूत होगी। यह केंद्र अब दोनों राज्यों में बेहतर आपदा प्रबंधन सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा।

|
आज का राशिफल

बुद्घि व धन का दुरूपयोग न करें। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। भ्रातृपक्ष में विरोध की संभावना है। आय-व्यय समान रहेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। व्यर्थ प्रपंच में समय न गंवाकर काम पर ध्यान दीजिए। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। मान-सम्मान में वृद्घि होगी। शुभांक-2-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 38°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़