नई दिल्ली, 08 जून।
परमाणु शक्ति के क्षेत्र में भारत ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। हालिया आंकड़ों के अनुसार, भारत के पास अब परमाणु बम की संख्या 180 से बढ़कर 190 हो गई है। दूसरी ओर, पाकिस्तान का जखीरा 170 वॉरहेड्स पर ही स्थिर बना हुआ है।
वैश्विक स्तर पर स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीपरी) ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के नौ देशों के पास कुल 12,187 परमाणु हथियार मौजूद हैं। इनमें से करीब 9,745 वॉरहेड्स सैन्य भंडारों में उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार हैं और 4,012 हथियार सक्रिय रूप से तैनात हैं।
युद्ध के बदलते तरीकों और सैन्य आधुनिकीकरण की होड़ के कारण परमाणु हथियारों का भंडार तेजी से बढ़ रहा है। रिपोर्ट में चिंता जताई गई है कि परमाणु हथियारों के प्रभाव को कम करने के वैश्विक प्रयास विफल होते दिखाई दे रहे हैं।
इस साल जनवरी तक के आंकड़ों के मुताबिक, दुनियाभर में कुल 12,187 परमाणु बम मौजूद हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि कुल संख्या में मामूली गिरावट भ्रामक है, क्योंकि करीब 2,100 से 2,200 वॉरहेड्स 'हाई ऑपरेशनल अलर्ट' पर हैं, जिन्हें तुरंत दागा जा सकता है।
रूस वर्तमान में 5,420 वॉरहेड्स के साथ दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु शक्ति बना हुआ है। अमेरिका 5,042 वॉरहेड्स के साथ दूसरे स्थान पर है। चीन भी अपनी ताकत बढ़ा रहा है और उसके पास अब 620 परमाणु बम हो गए हैं।
फ्रांस ने इस बार सबको चौंकाते हुए अपने भंडार में 80 का इजाफा किया है, जिससे उसके पास अब 370 वॉरहेड्स हैं। वहीं, यूके के पास 225 और इजराइल के पास 90 वॉरहेड्स हैं। उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों की संख्या भी 50 से बढ़कर 60 हो गई है।













